अमेरिका में रह रहे बेटे का दोस्त बन राजमिस्त्री से 9 लाख की ठगी

0
1769752229660

30 जनवरी l अंबाला | स्वराज भास्कर l साइबर अपराधियों ने अब लोगों की भावनाओं और रिश्तों का फायदा उठाना शुरू कर दिया है। अंबाला के गांव सरकपुर निवासी एक बुजुर्ग राजमिस्त्री, अर्जुन सिंह, ऐसे ही एक शातिर ठग का शिकार हो गए। ठग ने खुद को उनके अमेरिका में रह रहे बेटे का दोस्त बताकर कुल 9 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑपरेशन और मौत का झूठा नाटक रच ठगे पैसे
ठगी की शुरुआत 19 जनवरी को एक विदेशी नंबर से आए व्हाट्सएप कॉल से हुई। कॉल करने वाले ने खुद का नाम राहुल बताया और दावा किया कि वह अर्जुन सिंह के बेटे के साथ अमेरिका में रहता है। ठग ने झांसा दिया कि उसके दोस्त हरजीत की पत्नी का ऑपरेशन होना है और उसे पैसों की सख्त जरूरत है।
ठग ने बुजुर्ग का विश्वास जीतने के लिए कहा कि वह उनके खाते में 16.15 लाख रुपये ट्रांसफर कर रहा है, जिसमें से 6 लाख रुपये हरजीत को देने हैं और बाकी पैसे उनके पिता को। इसके बाद ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका:
* बैंक कर्मचारी बनकर कॉल: खुद को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताकर अशोक नाम के व्यक्ति ने कॉल किया और टैक्स के नाम पर और रकम मांगी।
* महिला की मौत की खबर: आरोपी राहुल ने दोबारा कॉल कर बुजुर्ग को बताया कि हरजीत की पत्नी की मौत हो गई है। शव लेने के नाम पर साढ़े 3 लाख रुपये और मांगे गए, जिसे अर्जुन सिंह ने उधार लेकर भेज दिया।
ऐसे खुला ठगी का राज
जब 21 जनवरी को आरोपियों ने फिर से साढ़े 4 लाख रुपये की मांग की, तब अर्जुन सिंह को संदेह हुआ। उन्होंने अमेरिका में रह रहे अपने बेटे गुरदीत से संपर्क कर राहुल का असली नंबर लिया और बात की। बेटे ने बताया कि उसने ऐसा कोई पैसा नहीं मांगा है, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इस मामले में अब बुजुर्ग ने शिकायत करके न्याय की मांग की है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *