हरिपुरधार बस हादसा: गहरे शोक में देश, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए की सहायता
गौरव नवीन
सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): 10 जनवरी 2026
जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में शिमला से कुपवी जा रही निजी बस के गहरी खाई में गिरने से हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस भीषण दुर्घटना में कई लोगों की जान चली गई, जबकि अनेक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹2 लाख तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
वहीं, इस हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज और नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक घटना बताया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए नाहन और सोलन के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई लापरवाही न हो और घायलों को हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी।